मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार, मादक पदार्थ बरामद
-एक महिला उग्रवादी एवं तस्कर गिरफ्तार
इंफाल, 02 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में आज फिर से एक बार तलाशी अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद करने के साथ ही उग्रवादी संगठन केसीपी (अपुनबा) की महिला कैडर को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक अन्य अभियान में ब्राउन शुगर के समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने रविवार को मणिपुर पुलिस ने थौबल ज़िले के थौबल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत अरोंग नदी के किनारे 'एकोक पाट' से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्रियों में दो इंसास राइफलें, एक एमपी-5 सब-मशीन गन, एक एसएलआर राइफल, दो .303 राइफलें, आठ मैगज़ीन, एक स्मोक बम और अलग-अलग कैलिबर के 379 ज़िंदा कारतूस बरामद किया गया।
इस बीच रविवार को ही सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम ज़िले के पटसोई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सलाम मामंग लीकाई की रहने वाली उग्रवादी संगठन केसीपी (अपुनबा) गुट की एक सक्रिय महिला कैडर, इरोम अमीशा उर्फ़ चानुलेम्बी उर्फ़ चानु उर्फ़ चानबी (23) को उसके घर से गिरफ़्तार किया।
एक अन्य अभियान में आज मणिपुर पुलिस ने सेनापति ज़िले के सेनापति पुलिस स्टेशन के अंतर्गत 'टी खुलेन नाका' चेक पोस्ट से असम के डिब्रूगढ़ निवासी अरुण दत्ता (50) को गिरफ़्तार किया। उसके पास से एक चार-पहिया वाहन स्विफ्ट डिजायर (एएस-06के-1306) और 80 ग्राम वज़न वाली आठ साबुनदानी में भरे संदिग्ध ब्राउन शुगर ज़ब्त किए गए।
पुलिस इस संबंध में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघनता से जांच कर रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

