मणिपुरः हिंसक कार्रवाई में लिप्त दो गिरफ्तार, दो उग्रवादी भी पकड़े गये
इंफाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर में हिंसा फैलाने और आतंकी गतिविधियों में लिप्त लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इस कड़ी में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि मंगलवार को मणिपुर पुलिस ने टिंगरी माखा लेइकाई के दो निवासियों को गिरफ्तार किया। इन दोनों पर इंफाल पूर्वी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग -02 (इंफाल-डिमापुर रोड), सड़क पर कोइरेंगेई क्रॉसिंग इलाके में टायर जलाकर और गुलेल एवं पत्थर फेंककर सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हिंसा फैलाने में शामिल होने का आरोप है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों की पहचान थौदम गोजेंद्रो सिंह और पुखरामबम इमो चिंगलेम्बा के रूप में हुई है। थौदम गोजेंद्रो सिंह मणिपुर पुलिस के एक कर्मी बताये गये हैं। पुलिस दोनों के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।
वहीं, बीते 20 अप्रैल को सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत टी बोंगमोल के सामान्य क्षेत्र से दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान प्रीपाक-प्रो कैडर सलाम याइमा मैतेई (19, फौगाकचाओ इखाई, जिला बिष्णुपुर) और
पीएलए कैडर वाक्रमबम राहुल मैतेई उर्फ मालेमनगंबा (18, चांगंगेई अवांग लेइकाई, जिला इंफाल पश्चिमी) के रूप में की गयी है।
उल्लेखनीय है कि 21 अप्रैल को सुरक्षा बल विभिन्न जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और क्षेत्र पर अपना दबदबा बनाए रखने का कार्य लगातार जारी रखे देखे गये। इस बीच मणिपुर के विभिन्न जिलों में पहाड़ों और घाटियों दोनों में, कुल 114 नाके/चेक पॉइंट स्थापित किए गए थे। कानून का उल्लंघन करने वाले आठ व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

