मणिपुर के उखरुल में सशस्त्र हमला, एक व्यक्ति की मौत
उखरुल (मणिपुर), 10 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के उखरुल जिले में महादेव-तोलोई सड़क पर शनिवार सुबह हुए कथित सशस्त्र हमले में एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव बरामद नहीं किया जा सका था। मृतक की पहचान संदीप राय के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब छह बजे वह लाल रंग की मारुति ऑल्टो कार से अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर हथियारबंद हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने खेती के लिए चेपू याओलेन इलाके में जमीन पट्टे पर ली थी।
घटना किन परिस्थितियों में हुई और हमले में उन्हें किस तरह की चोटें आईं, इसकी विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी। समाचार लिखे जाने तक उनका शव भी बरामद नहीं हुआ था। हमले में शामिल लोगों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

