मणिपुर में ट्रक जलाने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी
इंफाल, 17 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में ट्रक में आग लगाने की घटना के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही राज्य के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह नाके और चेक पॉइंट लगाए गए हैं तथा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मणिपुर पुलिस की ओर से मंगलवार सुबह जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दो मार्च को राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर सेनापति ज़िले के कबिनम गांव में एक ट्रक में आग लगा दी गई थी। इस मामले की जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित रामयो वाशुम (51) को सेनापति जिले के काथिको कारोंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और एक जिप्सी वाहन (एमएन-08ए-0099) को भी जब्त किया गया है। इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दूसरी ओर, राज्य में सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ा दी है। लगातार तलाशी अभियान चलाकर हालात पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 121 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही कराई गई। संवेदनशील स्थानों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और जोखिम वाले मार्गों पर सुरक्षा काफिले की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी तरह की बाधा के बिना आवागमन जारी रह सके।
इसके अलावा, सोमवार को मणिपुर के विभिन्न जिलों में पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में कुल 116 नाके और चेक पॉइंट स्थापित किए गए। हालांकि, इस दौरान किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां राज्य में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

