home page

मणिपुर में नाबालिग समेत प्री-पाक (प्रो) के सात कैडर गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में नाबालिग समेत प्री-पाक (प्रो) के सात कैडर गिरफ्तार


इंफाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन प्री-पाक (प्रो) में युवाओं की भर्ती और बम धमाके की घटनाओं में संलिप्तता के मामले में पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियान चलाकर सात कैडरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक नाबालिग भी शामिल है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुख्ता सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल वेस्ट की टीमों ने रविवार को विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान प्री-पाक (प्रो) के उन कैडरों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर नए सदस्यों की भर्ती तथा अगस्त 2026 में कोंथौजम विधानसभा क्षेत्र के विधायक के आवास पर हुए बम धमाके में शामिल होने का आरोप है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उशम राकेश सिंह उर्फ जेनरेश उर्फ थोउबा (19), युमनाम अथोइबी चानू (19), आरके दयापति देवी उर्फ पिंकी उर्फ किचेनबी (19), अहोंगशांगबम जेट मैतेई उर्फ जैक (23), नाओरेम लान्थोइबा सिंह उर्फ साना उर्फ थोइचानबा (19) और आयेकपम स्टीफन मैतेई उर्फ एलेक्स उर्फ येकचेतपा (19) के रूप में हुई है। अभियान के दौरान कानून के साथ संघर्षरत एक बच्चे (सीसीएल) को भी पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, युमनाम अथोइबी चानू और आरके दयापति देवी 28 अगस्त 2026 को कोंथौजम विधायक के आवास पर हुए बम धमाके में कथित रूप से शामिल थीं।

पुलिस ने अभियान के दौरान पीले रंग का एक होंडा एक्टिवा 6जी स्कूटर भी बरामद किया, जिसका पंजीकरण नंबर एमएन-01एजे-4957 है। पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग को प्रतिबंधित संगठन में भर्ती होने से भी बचाया गया।

गिरफ्तार आरोपितों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लैम्फेल पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय