मणिपुरः इंफाल में हिंसक विरोध रैली पर कार्रवाई, 21 लोग गिरफ्तार, भड़काऊ पोस्ट करने वाला भी पकड़ा गया
इंफाल, 20 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले में 18 अप्रैल को आयोजित एक विरोध रैली के दौरान हुई हिंसा के मामले में 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह रैली पटसोई से सगोलबंद तक, इंफाल-जिरीबाम सड़क पर निकाली गई थी, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठी।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया, पेट्रोल बम फेंके और गुलेल व बड़े पत्थरों का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 232वीं बटालियन के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई कर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रण में लाया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में संजीव (36), ताखेलचांगबम बोनान्ज़ा (28), राहुल क्षेत्रमयुम (27), थोंगबाम रोज़र (39), गुरुमायुम मैक्स शर्मा (26), लामजिंगबा अयेकपम (29), मुतुम मुरारी (37), मोइरांगथेम जेम्स (28), ओइनम माइकल (36), कोइजम कर्णजीत मैतेई (23), लम्बामायुम रिंगो (29), युरिश वेयनबाम (35), हुइरेम सोमोरजीत सिंह (25), खोइसनाम नाओबा सिंह (32), निकेश लैशराम (23), चिंगखम रंजन (28), सीरम विकास (21), कांगजम चिंगखेइंगनबा (24), खुराइजम दीपक सिंह (34), वाहेंगबाम नरेन सिंह (34) और अनाओबा क्षेत्रिमायुम (18) शामिल हैं।
इसके अलावा, पुलिस ने संगठन अरमबाई तेंगगोल के एक सदस्य टेंसुबम लामयानबा मैतेई (23) को भी गिरफ्तार किया है। उस पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ और हिंसा को उकसाने वाली सामग्री पोस्ट करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, “मैतेई नोंग्सा लामयानबा” नाम के फेसबुक अकाउंट से ऐसी पोस्ट साझा की जा रही थीं, जिनमें धमकियां और हिंसा के लिए उकसावे शामिल थे, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हिंसा फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

