मणिपुर में याबा टैबलेट और अवैध रूप से ले जाया जा रहा यूरिया जब्त
इंफाल, 27 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3.2 किलोग्राम प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद की, जबकि बिष्णुपुर पुलिस ने अवैध रूप से उर्वरक ले जा रहे वाहनों को रोककर बड़ी मात्रा में यूरिया जब्त किया।
पुलिस ने रविवार काे बताया कि काकचिंग जिला पुलिस ने 26 सितंबर को लिलोंग के सोरा बाजार से सिंगा सबानम (36) को गिरफ्तार किया। वह थौबल जिले के लिलोंग हाओरेइबी मयाई लीकाई निवासी मोहम्मद नूर अहमद की पत्नी है। पुलिस ने उसके पास से लगभग 3.2 किलोग्राम प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद की।
इसी दौरान, बिष्णुपुर पुलिस ने उर्वरकों के अवैध परिवहन में कथित रूप से शामिल वाहनों को रोककर कार्रवाई की। पुलिस ने एक बार 1,200 बोरी यूरिया जब्त की, जबकि दूसरी बार 100 और बोरी यूरिया बरामद की गई।
मामले में जांच शुरू कर दी गई है। उर्वरक की खेप के सत्यापन और आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बिष्णुपुर के जिला कृषि अधिकारी (डीएओ) को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

