home page

मणिपुरः उग्रवाद, रंगदारी, मादक पदार्थ तस्करी मामलों में अलग-अलग क्षेत्रों से कई गिरफ्तार

 | 
मणिपुरः उग्रवाद, रंगदारी, मादक पदार्थ तस्करी मामलों में अलग-अलग क्षेत्रों से कई गिरफ्तार


इंफाल, 09 मई (हि.स.)। मणिपुर के विभिन्न इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गये अभियानों में रंगदारी और मादक पदार्थ तस्करी मामलों के साथ उग्रवादी संगठन केवाईकेल, प्रीपाक, केएनए (बी) कैडरों को गिरफ्तार किया गया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज जारी आधिकारिक बयान में बताया गया है कि शुक्रवार को मणिपुर पुलिस ने दो रंगदारी मांगने वालों को गिरफ्तार किया। दोनों कांगपोकपी जिले के गमनोम सपरमेइना थानांतर्गत पांगमौल गांव में ट्रकों को रोककर पैसे की वसूली कर रहे थे। आरोपितों की पहचान थांगजामंग हाओकिप (43), और हेनमिनलुन उर्फा बोइलुन मिसाओ (18) के रूप में की गयी है।

शुक्रवार को ही मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के के. शैरोनफाई गांव के नेहखोलुन हैंगशिंग (45) को गिरफ्तार किया। उनके पास से प्लास्टिक की 118 साबुनदानी बरामद की गयी। साबुनदानी में संदिग्ध 'ब्राउन शुगर' भरी थी, जिसका वज़न 1.360 किलोग्राम था। यह गिरफ्तारी चुराचांदपुर थानांतर्गत हिल्टाउन के पास से की गई।

इसी दिन एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के वांगोई थानांतर्गत हियांगथांग इलाके से उग्रवादी संगठन केवाईकेएल (सोरेपा) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान हुइद्रोम नरेंद्र सिंह (38) उर्फ पाथौ उर्फ अबुंग उर्फ लकी के रूप में हुई। आरोपित हियांगलाम वाइखोम लेइकाई, काकचिंग जिले का रहने वाला है। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

इसी बीच आज बताया गया है कि बीते 07 मई को सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपात थानांतर्गत वांगखेई कोनंग मामंग इलाके से प्रीपाक की एक महिला सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान कंसाम थोई देवी उर्फ नानाओ उर्फ नाओबी (33) के रूप में हुई, जो थांगमेइबंद सिनम लेइकाई (वर्तमान पता: खेरगाओ जेल लेइराक) की रहने वाली है। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया है कि एक अन्य अभियान में 07 मई को सुरक्षा बलों ने सेनापति जिले के सेनापति थानांतर्गत टी. खुलेन नाका चेक पॉइंट पर दो वाहनों को रोका और तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। आरोपितों की पहचान के. डोविले (42), नेम्नीलहिंग हाओकिप (42) और उनके पति हेंगखोमांग हाओकिप (47) के रूप में की गयी है।

आरोपितों के कब्ज़े से बरामद चीज़ों में ब्राउन शुगर से भरे हुए 99 साबुनदानी, जिनका वज़न 1.140 किलोग्राम है, दो चार-पहिया वाहन बोलेरो (एनएल-07सी- 5762) और मारुति स्विफ्ट (एएस-04ई- 3344), 30,300 रुपये नकद और चार मोबाइल फ़ोन शामिल है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 07 मई को ही सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर थानांतर्गत के तहत जोउ वेंग आम इलाके से उग्रवादी संगठन केएनए (बी) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ़्तार किया। उसकी पहचान लालथांगजॉन (38) के रूप में हुई है। उसके कब्ज़े से बरामद सामग्रियों में एक 9 एमएम की होवग की 9 पिस्तौल, एक 9 एमएम पिस्तौल की मैगज़ीन, सात 9 एमएम के ज़िंदा कारतूस और एक मोबाइल फ़ोन बरामद किया गया।

पुलिस इन मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय