home page

मणिपुर में मादक पदार्थ, उग्रवाद और वसूली गिरोहों पर पुलिस का शिकंजा, हेरोइन बरामद

 | 
मणिपुर में मादक पदार्थ, उग्रवाद और वसूली गिरोहों पर पुलिस का शिकंजा, हेरोइन बरामद


इंफाल, 29 जून (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, उग्रवादी गतिविधियों और जबरन वसूली के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन जब्त की, कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, थौबल जिले के खोंगजोम थाना क्षेत्र में एक यात्री बस से 540 ग्राम संदिग्ध हेरोइन (ब्राउन शुगर) बरामद की गई। मामले में बस चालक नुंगेई खोंगबान निवासी मोहम्मद वारिश (33) फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है।

एक अन्य मामले में सिंगजामेई थाना में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में केसीपी (ताइबंगंगबा) के अध्यक्ष हाओबिजाम दिलीप सिंह उर्फ ताइबंगंगबा (52) को तिहाड़ जेल से लाकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में सुरक्षा बलों ने खोंगजोम क्षेत्र से आरपीएफ/पीएलए के स्वयंभू कैप्टन थोकचोम बांगो सिंह उर्फ इबोपिशाक उर्फ उतोम्बा (44) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, मैगजीन, 97 जीवित कारतूस तथा बिना पंजीकरण संख्या की एक टोयोटा फॉर्च्यूनर वाहन बरामद की गई।

27 जून को चलाए गए अभियान में केसीपी (पीएससी) के दो सक्रिय उगाही करने वाले कैडरों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोइजाम लामयानबा मैतेई उर्फ पुंशिबा उर्फ निंगोल (23) तथा लौरेम्बाम रोजित उर्फ लामंगानबा उर्फ पुखरी (19) के रूप में हुई है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने अभियान जारी रखा। 22 से 28 जून के बीच 64 चालान जारी कर कुल 1.37 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश