home page

मणिपुर में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के दो प्रमुख आरोपित गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के दो प्रमुख आरोपित गिरफ्तार


इंफाल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क मणिपुर में अफीम की खेती करने वालों और राजस्थान में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के बीच कड़ी के रूप में काम करने का संदेह है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सेनापति जिला पुलिस ने 24 अक्टूबर को सेनापति थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत दर्ज तीन मामलों के सिलसिले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धनलाल राय के पुत्र रोमन राय (21) और दिलीप कुमार थापा के पुत्र अमित कुमार थापा (35) के रूप में हुई है। रोमन राय को कांगपोकपी जिले से कांगपोकपी पुलिस की सहायता से गिरफ्तार किया गया, जबकि अमित कुमार थापा को बिष्णुपुर जिले से वहां की पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया।

दोनों आरोपित काफी समय से फरार थे। अमित कुमार थापा के खिलाफ अदालत ने गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।

इन गिरफ्तारियों के साथ तीन मामलों में गिरफ्तार आरोपितों की कुल संख्या सात हो गई है। दोनों हालिया गिरफ्तार आरोपितों पर इन मामलों में साझा आपूर्तिकर्ता होने का संदेह है।

पुलिस ने बताया कि तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी तथा राजस्थान तक फैले इसके संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश