मणिपुर पुलिस रक्तदान शिविर में 52 स्वयंसेवकों ने किया रक्तदान
इंफाल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर पुलिस की सीआईडी (सुरक्षा) शाखा ने राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को इंफाल स्थित अपने कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। 'नसों में एकता' (यूनिटी इन वेन्स) विषय पर आयोजित इस शिविर में कुल 52 स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया, जिनमें 49 पुलिसकर्मी शामिल थे।
इस शिविर का आयोजन जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) के रक्त केंद्र और भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से किया गया। इसमें मणिपुर राज्य रक्त आधान परिषद (एसबीटीसी) ने भी सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवकों ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व और इसके लाभों के बारे में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना था।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

