मणिपुर में दो अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित संगठनों के दो उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में चलाए गए इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में अलग-अलग अभियानों के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। दोनों पर उग्रवादियों को आश्रय देने और जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है।
पहली कार्रवाई में इंफाल पूर्व जिले के आपराधिक जांच विभाग (सीडीओ) की टीम ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर हाओरोंगबम लुखोई सिंह उर्फ सोलेंड्रो (34) को गिरफ्तार किया। उसे लामलाई थाना क्षेत्र के चिंगरेल तेजपुर से पकड़ा गया।
अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में प्रतिबंधित पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (प्रीपाक) के कथित सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया। उस पर संगठन के सदस्यों को आश्रय देने और संगठन की गतिविधियों के लिए आम लोगों से जबरन वसूली करने का आरोप है।
दूसरी कार्रवाई में सीडीओ, इंफाल पूर्व और केंद्रीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने चानमबम टोम्बा सिंह उर्फ फ्रांसिस और अंगौ (46) को गिरफ्तार किया। उसे इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र के ताओथोंग लामखाई से पकड़ा गया।
वह प्रतिबंधित कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी-पीडब्ल्यूजी) का कथित सक्रिय कैडर बताया गया है। उस पर सिंगजामेई, कंचीपुर, काकवा, मंत्रीपुखरी और आरआईएमएस रोड क्षेत्र की दुकानों से जबरन वसूली करने का संदेह है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

