home page

मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, 22 किलो मेथामफेटामाइन बरामद

 | 
मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, 22 किलो मेथामफेटामाइन बरामद


इम्फाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने उग्रवाद तथा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते 24 घंटे में प्रतिबंधित संगठनों के दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही संयुक्त अभियान में लगभग 22 किलोग्राम मेथामफेटामाइन (वाईवाई टैबलेट) भी बरामद की गई है।

आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मणिपुर पुलिस ने बुधवार को प्रतिबंधित संगठन केवाईकेएल के सक्रिय उग्रवादी ताखेल्लाम्बम ग्रेमीचंद उर्फ इनाओचा सिंह (52) को इम्फाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र के कालिका बामोन काम्पू इलाके से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, दो मैगजीन और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इससे पहले सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय उग्रवादी अंगोम चिंगखेंगनबा मैतेई (27) को काकचिंग जिले के वैखोंग थाना क्षेत्र के आइहांग विलेज गेट से गिरफ्तार किया। वह कथित रूप से उगाही की गतिविधियों में शामिल था।

इसी दिन मणिपुर पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर स्थित पाओमिनलिन मुनलो के घर पर छापेमारी कर 19 पैकेटों में रखी लगभग 22 किलोग्राम वाईवाई टैबलेट (मेथामफेटामाइन) बरामद की। मौके से एक महिंद्रा बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया।

इस बीच, सुरक्षा बलों ने राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान तथा क्षेत्र प्रभुत्व अभियान जारी रखा। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं से लदे 151 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। वहीं, पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों के विभिन्न जिलों में कुल 114 नाका एवं चेक पोस्ट स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश