(अपडेट) घोषित अपराधी, तीन तस्करों और सोरेपा उग्रवादी को मणिपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंफाल, 18 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए अभियान के दौरान नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के एक घोषित अपराधी, दो कथित मादक पदार्थ तस्करों, एक गांजा तस्कर तथा प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन सोरेपा के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने एनसीबी की दिल्ली जोनल इकाई के अतिरिक्त निदेशक के अनुरोध पर थौबल जिले के मोइजिंग वांगमताबा चिंग्या लेइकाई निवासी मोहम्मद आमिर खान उर्फ रहमान को गिरफ्तार किया। वह एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज एक एनसीबी मामले में घोषित अपराधी था।
एक अन्य अभियान में पुलिस ने थौबल जिले के लिलोंग लेइहाओखोंग लेइनुंग होटल मानिंग निवासी मो. जाकिर हुसैन (44) उर्फ टोम्बा को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कोडीन युक्त कफ सिरप, पी-निएट्रा-10 (संभावित एन-10) टैबलेट तथा ट्रोस्पास प्लस कैप्सूल बरामद किए गए।
जिरीबाम जिले के लामखाई बाजार क्षेत्र से कोंजेंगबाम कुल्ला सिंह (47) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग 56.8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
इसी दौरान सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के थौबल हाओखा क्षेत्र से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन सोरेपा के सक्रिय सदस्य युमनाम नरेश सिंह उर्फ काकपा (26) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

