home page

मणिपुर में पीएलए का कैडर गिरफ्तार, दो अन्य हिरासत में

 | 
मणिपुर में पीएलए का कैडर गिरफ्तार, दो अन्य हिरासत में


इंफाल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में पीएलए के एक कैडर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, थौबल जिले में 48 घंटे की आम हड़ताल के दौरान चार दिहाड़ी मजदूरों को कथित तौर पर रोककर उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना में एक मजदूर घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को खाबेइसोई स्थित एसपीएल/सीडीओ यूनिट की टीम ने इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र के लांगथाबल मंत्रिखोंग मयाई लीकाई स्थित आवास से पीएलए के सक्रिय कैडर मोइरांगथेम नेल्सन मैतेई उर्फ मणि (32) को गिरफ्तार किया। वह एम इबोमचा सिंह का पुत्र है।

एक अन्य कार्रवाई में 20 अक्टूबर को सीडीओ थौबल और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने थौबल थाने में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान थौबल जिले के संगाईयुम्फम चेरापुर लांगखोंगपाट लौरेनकोन्जिल निवासी मोहम्मद खुर्शीद अहमद (19) और संगाईयुम्फम चेरापुर पल्ली बाजार निवासी मोहम्मद अब्दुल रहमान उर्फ अपिक (45) के रूप में हुई है।

इसी दिन शाम करीब 5.45 बजे थौबल जिले के पेची गांव के पास कुछ लोगों ने चार दिहाड़ी मजदूरों को रोक लिया। आरोप है कि खुद को 48 घंटे की आम हड़ताल लागू कराने वाला स्वयंसेवक बताने वाले इन लोगों ने मजदूरों के साथ मारपीट की। इस घटना में एक मजदूर घायल हो गया। मजदूरों की पहचान फुराइलात्पम नानाओ शर्मा, मोहम्मद अमजद खान, मोहम्मद सरीफ खान और मोहम्मद रजाक खान के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नोंगपोक सेकमाई और याइरिपोक थानों की पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर चारों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। याइरिपोक थाने में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहें फैलाने या उन पर विश्वास करने से बचने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश