मणिपुर : विभिन्न अभियानों में 2 किग्रा से अधिक अफ़ीम जब्त, शराब और चोरी के वाहन बरामद
इंफाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने राज्य के विभिन्न जिलों में अभियान चलाते हुए दो किलोग्राम से अधिक अफ़ीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ़्तार, भारी मात्रा में शराब ज़ब्त करने के साथ ही चोरी के वाहन बरामद किए हैं। इन मामलों में कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार काे बताया कि बीते बुधवार को मादक पदार्थों से जुड़े एक अभियान में पुलिस ने तामेंगलोंग जिले के अलिंग खुंडोंग खुनखैबा निवासी माइकल अबोनमेई (29) को इंफाल पश्चिम ज़िले के सेकमाई पुलिस थानांतर्गत सेकमाई नोंगथोनबान इलाके से गिरफ़्तार किया। आरोपित के पास से 2.039 किलोग्राम अफ़ीम बरामद हुई, जिसे अभान के दौरान जब्त कर लिया गया। अफ़ीम के स्रोत और इसे आगे कहां-कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
उसी दिन एक अन्य अभियान में, पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई पुलिस थानांतर्गत अलग-अलग स्थानों से इंडियन मेड फ़ॉरेन लिकर (आईएमएफएल) और डीआईसी शराब बरामद की। जब्त की गई चीज़ों में अलग-अलग आईएमएफएल ब्रांड की 750 एमएल की आठ बोतलें, 350 एमएल की चार बोतलें, बीयर की छह बोतलें और डीआईसी शराब की 130 बोतलें शामिल थीं। यह बरामदगी इस क्षेत्र में अवैध शराब के व्यापार पर रोक लगाने के लिए चल रहे प्रयासों का ही एक हिस्सा है।
इससे पहले, बीते 13 अप्रैल को पुलिस ने काकचिंग जिले के पल्लेल पुलिस स्टेशन के तहत चंदेल रोड पर स्थित पल्लेल सीडीओ चेक पोस्ट पर कुल छह दोपहिया वाहनों (होंडा एक्टिवा) और एक चार पहिया वाहन (मारुति सुजुकी अल्टो एलएक्सआई) को रोका। इन वाहनों के बारे में पहले ही चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज थी।
बरामद किए गए वाहनों के संबंध में छह लोगों को हिरासत में लिया गया। उनकी पहचान थौबल ज़िले के लाइमुयुम सनातोंबा सिंह (43); चंडेल ज़िले के मो. एंग्लौरुंग (40); चंडेल ज़िले के चाना जेतेन ताराओ (43); तेंगनौपाल ज़िले के केएच. रिजॉय (36) ; चंदेल जिले के एसके माल्टिंग लामकांग (33) और तेंगनौपाल ज़िले के थांगरेंग लेइवोन (30) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच चल रही है, ताकि बड़े नेटवर्क की पहचान की जा सके और अगर संगठित अपराध से कोई संबंध है, तो उसकी सत्यता की जा सके। पुलिस सभी मामलों में आगे की जांच जारी रखे हुए है। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

