मणिपुर में हथियार, गोला-बारूद और 1.027 किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त, एक गिरफ्तार
इंफाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सोमवार रात पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर हथियार, गोला-बारूद और मादक पदार्थ ब्राउन शुगर जब्त किया। इस सिलसिले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस द्वारा आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात चुराचांदपुर जिला पुलिस, 129वीं बटालियन सीआरपीएफ और 5वीं असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर एम. सोंगेल के निकट किंगकिन गांव में अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने एक संदिग्ध सफेद बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान विदेशी निर्मित एक एके-सीरीज राइफल, एक विदेशी निर्मित एमए1 राइफल, विभिन्न प्रकार के 240 कारतूस तथा दो पारदर्शी प्लास्टिक पैकेटों में रखा लगभग 1.027 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
अभियान के दौरान डी. ल्हांगजोल गांव निवासी 23 वर्षीय लेतखोथांग खोंगसाई को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (एसओओ) समूह केएनएफ (एमसी) का कैडर बताया।
संयुक्त टीम ने गिरफ्तार व्यक्ति के कब्जे से बरामद हथियारों, गोला-बारूद, बोलेरो वाहन और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

