मणिपुरः भारी मात्रा में हथियार बरामद, उग्रवादी एवं मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
इंफाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियानों में मादक पदार्थ तस्कर और उग्रवादी कैडर की गिरफ्तारी के साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चलाए गए अभियानों में ये कार्रवाई की गई।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से बुधवार को जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, चुराचांदपुर पुलिस थाने की टीम ने मिसओ ल्हावोम गांव से नगामखोजंग किपजेन (35) को गिरफ्तार किया। वह चुराचांदपुर के तुइदम गांव निवासी जांगमांग किपजेन का पुत्र है और वर्तमान में ल्हांगनेम गांव में रह रहा था। उसके पास से 60 साबुनदानी में छिपाकर रखा गया 785 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर और एक पल्सर बाइक बरामद की गई।
इसी दिन एक अन्य अभियान में पुख्ता सूचना के आधार वांगोई थाना की पुलिस टीम और सेंट्रल सिक्योरिटी फोर्सेज़ की एक संयुक्त टीम ने वांगोई थाना के तहत वैशेन नदी के किनारे तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मैगज़ीन के साथ एक एसएलआर राइफ़ल (7.62 एमएम), एक एसबीबीएल, अलग-अलग तरह के 09 ज़िंदा कारतूस और तीन वायरलेस सेट बरामद किया गया।
इसी तरह बुधवार को ही सीडीओ/बिष्णुपुर की टीम ने क्वाक्ता खुमान अवांग लीकाई से उग्रवादी संगठन यूएनएलएफ (पी) के एक सक्रिय कैडर मो. करीमुद्दीन शाह उर्फ़ राफ़े (48) को गिरफ्तार किया। वह 2025 में क्वाक्ता टेराखोंगशांगबी में हुए ग्रेनेड हमले में शामिल था। उसके पास से एक होंडा एक्टिवा (एमएन-01डी-2639) और एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किया गया।
वहीं, बीते 06 अक्टूबर को इंफाल ईस्ट ज़िला पुलिस और सेंट्रल सिक्योरिटी फोर्सेज़ की एक संयुक्त टीम ने सगोलमांग थानांतर्गत वाकन हिल रेंज में तलाशी अभियान चलाया और पहाड़ी की तलहटी में छिपाकर रखे गए पुलिस से लूटे गये संदिग्ध हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक का एक बड़ा ज़खीरा बरामद किया। बरामद सामग्रियों में मुख्य रूप से एक एसएलआर, एक देसी एके-47 और एक देसी एमपी-5, चार देसी कार्बाइन और 02 पिस्तौल, चार देसी 12-बोर सिंगल-बैरल बंदूकें, अलग-अलग कैलिबर के 25 जिंदा कारतूस, डेटोनेटर के साथ एक नंबर 36 एचई ग्रेनेड और एक फ्रैगमेंटेशन ग्रेनेड, तीन मोर्टार शेल और एक खाली मोर्टार शेल, रेडियो-सेट चार्जर, एसएलआर बेयोनेट, फ्लेयर राउंड, हेलमेट, जैकेट और बूट जैसी अन्य चीजें शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

