मणिपुर में भारी मात्रा में देशी शराब एवं हथियार बरामद, एक उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 02 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बल एवं पुलिस का उग्रवादियों, हथियार एवं मादक पदार्थ के विरूद्ध लगातार अभियान जारी है। इसी कड़ी में आज भारी मात्रा में देसी शराब बरामद करने के साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं शनिवार को एक अभियान में भारी मात्रा में हथियार बरामद हुआ, जबकि एक अन्य अभियान में एक उग्रवादी को पकड़ा गया।
मणिपुर पुलिस ने बताया है कि रविवार को मणिपुर पुलिस ने काकचिंग लमखाई में एक मारुति स्विफ्ट कार (एमएन-06ए-7989) के अंदर छिपाकर रखी गई 429 लीटर डिस्टिल्ड इंडिजिनस कंट्री लिकर (डीआईसी) शराब वाले 40 प्लास्टिक के पैकेट बरामद किए। इस मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया, जो दोनों इंफाल ईस्ट ज़िले के एंड्रू खराम लीकाई के रहने वाले हैं। जिनकी पहचान हिजाम योहेनबा सिंह (25) और निंगथौजम जॉयकुमार सिंह (44) के रूप में की गयी है।
इसी कड़ी में शनिवार को सुरक्षा बलों ने टेंग्नौपाल ज़िले के मोरेह थानांतर्गत अंतरराष्ट्रीय बार्डर पोस्ट 72 और 73 के बीच जंगल से हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गयी। बरामद समग्रियों में मुख्य रूप से एक 9एमएम की पिस्तौल, एक डबल बैरल बंदूक, छह रेडियो सेट, दो हैंड ग्रेनेड और छह आईईडी बरामद किया गया। आईईडी मौके पर ही नष्ट कर दिए गए।
इसी दिन सुरक्षा बलों ने इंफाल वेस्ट ज़िले के पटसोई थानांतर्गत अवंगखुनोउ लमखाई के रहने वाले उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय सदस्य, वाहेंगबाम मेडे सिंह उर्फ लोया (24) को उसके घर से गिरफ़्तार किया।
मणिपुर पुलिस उपरोक्त मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

