मणिपुर में उग्रवादियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान, कई गिरफ्तार
इंफाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवादियों, अपराधियों और मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जबरन वसूली में शामिल उग्रवादियों, पुलिस हिरासत से फरार आरोपित और मादक पदार्थों के साथ तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मणिपुर पुलिस की ओर से आज जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, जबरन वसूली में शामिल उग्रवादी संगठन पीएलए के दो सक्रिय कैडरों को इंफाल वेस्ट के हाओबम मारक लौरेम्बम लीकाई से बीते मंगलवार को एक होंडा एक्टिवा के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों की पहचान मैबम अरुण उर्फ उरु सिंह (50) और वाहेंगबाम बिमोल उर्फ मणि उर्फ लुवांग मैतेई (26) के रूप में की गयी है।
वहीं, एक फरार आरोपित को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया है कि बीते 26 अगस्त को बुयामायुम अयूब खान (30) लिलोंग पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में पुलिस हिरासत में था। मौका पाकर लिलोंग पुलिस स्टेशन की परिसर की दीवार फांदकर कानूनी हिरासत से वह भाग गया था। 04 अक्टूबर को लिलोंग पुलिस स्टेशन की एक टीम ने उक्त फरार आरोपित को याइरीपोक लीकाई माना इंगखोल, हट्टा, इंफाल ईस्ट से गिरफ्तार कर लिया है।
छह अक्टूबर को ही चुराचांदपुर जिला पुलिस ने चुराचांदपुर में टेडिम रोड के किनारे स्थित कोइते गांव से मादक पदार्थ के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान लेत्तिनथांग वैफेई (21) और लुंगौलेन हाओकिप (33) के रूप में हुई है। उनके पास से 30 साबुनदानी में छुपाकर रखे गये लगभग 373 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद किए गए। इसके अलावा, एक चार-पहिया वाहन फोर्ड इकोस्पोर्ट (डीएल-1सीटी-4953, सिल्वर रंग) भी बरामद किया गया।
जबकि पांच अक्टूबर को सुरक्षा बलों से मिली पक्की जानकारी के आधार पर, सीडीओ/इंफाल वेस्ट और सीडीओ/थौबल की एक संयुक्त टीम ने मयांग इंफाल थाना मामंग लीकाई इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने प्री-पाक के एक सक्रिय कैडर लैशराम बिशाल सिंह (29) को उसके घर से गिरफ्तार किया। वह संगठन के लिए नए सदस्यों की भर्ती में शामिल था।
इसी दिन सीडीओ थौबल और सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने वांगजिंग बाजार से थोंगराम केली मेइतेई उर्फ खुमान (28) को गिरफ्तार किया। वह उग्रवादी संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) का सक्रिय सदस्य था और संगठन के लिए नए सदस्यों की भर्ती में शामिल था।
इसके अलावा पांच अक्टूबर को ही पुख्ता जानकारी के आधार पर, टेंग्नोउपाल थाना नाका चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक्टिवा सवार एक व्यक्ति को रोका गया। रोके गए वाहन की तलाशी लेने पर संदिग्ध डब्ल्यूवाई टैबलेट के छह पैकेट मिले, जिनका वजन लगभग 5.4 किलोग्राम था; इन्हें ज़ब्त कर लिया गया। सवार, हेल्मिनलाल हाओकिप (31) को ज़ब्त किए गए प्रतिबंधित सामान और रोके गए दो-पहिया वाहन (एक्टिवा) के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस उपरोक्त मामलों में आगे की कार्रवाई जारी रखे हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

