मणिपुर में तीन हत्याओं के विरोध में कुकी जो बहुल इलाके में 48 घंटे के बंद का ऐलान
इंफाल, 13 मई (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में आज तीन चर्च प्रमुखों की हत्या के विरोध में कुकी इनपी, मणिपुर संगठन ने कुकी-ज़ो इलाकों में 48 घंटे के बंद का ऐलान किया है।
इस बीच मणिपुर के कांगपोकपी में हज़ारों लोग चर्च प्रमुखों के शव लेने के लिए हजारों लोग देर रात जिला अस्पताल के पास जमा हुए। तीनों लोगों की आज घात लगाकर हत्या कर दी गई थी।
उल्लेखनीय है कि मणिपुर के कांगपोकपी में तीन चर्च प्रमुखों की आज हुई हत्या के चलते कांगपोकपी में शोक की लहर दौड़ गई। तीन मारे गए चर्च प्रमुखों के शवों को ज़िला अस्पताल के मुर्दाघर में लाया गया है। इस मौके पर कुकी-ज़ो समुदाय के हज़ारों लोग शोक व्यक्त करने के लिए जमा हुए हैं।
शवों के आने पर समुदाय के सदस्यों, चर्च नेताओं, नागरिक समाज संगठनों और स्थानीय निवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। ये सभी लोग प्रार्थनाओं, भजनों और शोक सभाओं के बीच दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए है। इन तीन चर्च प्रमुखों की हत्या से मणिपुर के कुकी-ज़ो बहुल इलाकों में गहरा सदमा और गुस्सा फैल गया है।
शवों को कांगपोकपी के ज़िला अस्पताल के मुर्दाघर में रात भर रखने की व्यवस्था की गई है, जहां पूरी रात शोक सभा का आयोजन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मारे गए लोगों को सामूहिक श्रद्धांजलि देने के लिए हज़ारों लोग पूरी रात वहीं मौजूद रहेंगे।
इस घटना के बाद प्रभावित इलके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

