इम्फाल पश्चिम में शिजा अस्पताल के पास हैंड ग्रेनेड बरामद, जांच शुरू
इम्फाल, 31 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर के इम्फाल पश्चिम जिले में शिजा हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (श्री) परिसर में सोमवार सुबह एक सार्वजनिक शौचालय के पास हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7.30 बजे राहगीरों ने अस्पताल परिसर में संदिग्ध विस्फोटक देखा और इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल इलाके को सुरक्षित किया। मणिपुर पुलिस की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और हैंड ग्रेनेड को सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया।
अब तक किसी व्यक्ति या संगठन ने ग्रेनेड रखने की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोटक अस्पताल परिसर में कैसे और किन परिस्थितियों में रखा गया, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

