मादक पदार्थ के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
इंफाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के सेनापति जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पहले दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ के आधार पर असम से दो अन्य लोगों को पकड़ा गया। आरोपितों के पास से 91 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को सेनापति जिले के माओ पुलिस स्टेशन और 16वीं असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर माओ बाजार इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इंफाल पश्चिम जिले के हियांगथांग पल्लाक निवासी पुशम रोशन (40) और थौबल जिले के इरोंग इचिल खुलाकपम निवासी मोहम्मद अरशद आलम (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से प्लास्टिक की सात साबुनदानी बरामद कीं, जिनमें कथित तौर पर ब्राउन शुगर थी। बरामद पदार्थ का कुल वजन 91 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक कार भी जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए 17 अक्टूबर को असम से दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान थौबल जिले के इरोंग चेसाबा मायाई लीकाई निवासी रहीश खान (22) और मोहम्मद वारिश खान (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने रहीश खान को कथित तौर पर खेप का आपूर्तिकर्ता बताया है।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

