home page

मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में महिला उग्रवादी कैडर समेत तीन गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में अलग-अलग अभियानों में महिला उग्रवादी कैडर समेत तीन गिरफ्तार


इंफाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए की एक सक्रिय महिला कैडर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपित वाहन चोरी की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किया जाने वाला औजार भी जब्त किया है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी हैं।

मणिपुर पुलिस की ओर से शनिवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सीडीओ/इंफाल पश्चिम की एक टीम ने दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। दोनों लैमलॉन्ग थोंग स्थित एएमएफए फुटबॉल ग्राउंड परिसर में एक वाहन का लॉक तोड़कर चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान थौबल जिले के लिलोंग उपक थोंग मखा निवासी वकार अहमद (20) और लिलोंग अटौ खोंग निवासी एफएम बाबोई (20) के रूप में हुई है।

एक अन्य अभियान में खुफिया सूचना के आधार पर इंफाल पूर्वी जिला पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने बिष्णुपुर जिले के थिनुंगेई में अभियान चलाकर आरपीएफ/पीएलए की सक्रिय महिला कैडर लाइमायुम नाओबी देवी उर्फ निरुपमा (37) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, महिला कैडर पर आरोप है कि उसने वर्ष 2025 में अपने हैंडलर के निर्देश पर अपने घर में एक हैंड ग्रेनेड छिपाकर रखा था। आरोप है कि करीब 15 दिन पहले उसने रिम्स अस्पताल के मुख्य द्वार पर एक अज्ञात व्यक्ति को यह ग्रेनेड सौंप दिया था।

पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय