home page

इंफाल एयरपोर्ट पर फर्जी पहचान पत्रों के साथ युवक और नाबालिग हिरासत में

 | 
इंफाल एयरपोर्ट पर फर्जी पहचान पत्रों के साथ युवक और नाबालिग हिरासत में


- अलग अभियान में 174 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

इंफाल (मणिपुर), 24 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा एजेंसियों ने दो अलग-अलग अभियानों में कार्रवाई करते हुए फर्जी पहचान पत्रों के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया है और साथ ही नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

इंफाल एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों ने एक नाबालिग और 22 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया। जांच में उनके पास से कई फर्जी आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) बरामद किए गए, जिनमें नाम और व्यक्तिगत जानकारी अलग-अलग थीं, लेकिन तस्वीरें एक ही व्यक्ति की थीं।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान आलम आज़ाद (22) के रूप में हुई है, जो थौबल जिले के लिलोंग अतोउखोंग मानिंग लेइकाई का रहने वाला है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह मामला केवल व्यक्तिगत स्तर का नहीं होकर एक संगठित फर्जी पहचान नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन दस्तावेजों का उपयोग अवैध यात्रा या अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में तो नहीं किया जा रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेज़ों के स्रोत और नेटवर्क की कड़ी तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

इसी बीच एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने माओ चेक पोस्ट पर एक वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 35 वर्षीय व्यक्ति फ़िरोज़ को 174 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित के पास से एक सफेद मारुति सुजुकी ए-स्टार (एचआर-05एजी-9844), 5000 रुपये, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। आरोपित इंफाल पूर्वी जिले के याइरिपोक तुलिहाल मायाई लेइकाई का निवासी बताया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी अभियान तेज

अधिकारियों ने बताया कि राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर 54 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। इसके अलावा राज्य भर में 114 नाके और चेक पॉइंट लगाए गए, हालांकि किसी अन्य गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय