home page

मुख्यमंत्री ने हमले में मारे गए नागरिकों के परिजनों से की मुलाकात

 | 
मुख्यमंत्री ने हमले में मारे गए नागरिकों के परिजनों से की मुलाकात


इंफाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सोमवार को खोंगबल सुनुरोक उयोक पहाड़ी के पास हुए हमले में मारे गए तीन नागरिकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने इंफाल पूर्वी जिले के नोंगशुम में अरुबाम रोनिल, लैरेनलाकपम इनाओबी और क्षेत्रीमायुम सुशील के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने 19 अक्टूबर की घटना के बाद गठित जेएसी के सदस्यों से भी बातचीत की और उनकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया।

जेएसी ने मुख्यमंत्री को रविवार शाम पांच बजे तक पीड़ित परिवारों से मिलने का अल्टीमेटम दिया था। निर्धारित समय सीमा तक मुलाकात नहीं होने पर समिति ने सोमवार मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया था। समिति की मांग थी कि मुख्यमंत्री अपने कार्यालय या आधिकारिक आवास पर प्रतिनिधियों से बातचीत करने के बजाय सीधे पीड़ित परिवारों के घर जाएं।

मुख्यमंत्री की सोमवार की यात्रा के बाद जेएसी ने बंद वापस लेने या इसे जारी रखने के संबंध में तत्काल कोई निर्णय घोषित नहीं किया। समिति के अगले फैसले से राज्य में बंद के प्रभाव और आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश