मणिपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग फिर खुलेंगे, इंफाल-डिमापुर बस सेवा होगी बहाल
इंफाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह, उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और सैतु विधायक हाओखोलेट किपगेन ने शनिवार को सभी समुदायों के लोगों की निर्बाध आवाजाही के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों को तत्काल फिर से खोलने की घोषणा की।
सरकार ने इंफाल-डिमापुर बस सेवा को भी बहाल करने का निर्णय लिया है। इससे राज्य में संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ लोगों की सामान्य आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा कांगपोकपी जिला मुख्यालय के दौरे के दौरान की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न समुदायों के नेताओं के साथ बैठक की और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री खेमचंद ने सभी समुदायों के लोगों से एक-दूसरे पर विश्वास और सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर संकट का समाधान संभव है और शांति एवं मेल-मिलाप के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष को पीछे छोड़कर राज्य में सामान्य जनजीवन बहाल करने की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने राष्ट्रीय राजमार्गों को फिर से खोलने को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि समुदायों के बीच आपसी प्रेम और विश्वास के माध्यम से ही स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है। उन्होंने नागरिक समाज संगठनों, सामुदायिक नेताओं और बुद्धिजीवियों से शांति निर्माण की प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की।
सैतु विधायक हाओखोलेट किपगेन ने सभी समुदायों से अतीत को पीछे छोड़कर सामान्य जीवन की ओर लौटने का आग्रह किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-2 को मणिपुर के लोगों के लिए जीवनरेखा बताया।
मुख्यमंत्री ने दौरे के दौरान कांगपोकपी जिला अस्पताल में डायलिसिस इकाई और जिला रक्त भंडारण सुविधा का उद्घाटन किया। इसके अलावा जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को एंबुलेंस भी सौंपी गईं।
उन्होंने कांगपोकपी जिला अस्पताल को सीटी स्कैन सुविधा के साथ 100 बिस्तरों वाले अस्पताल में उन्नत करने की घोषणा की। मोटबुंग और टी. वाइचोंग में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि सैकुल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी उन्नयन किया जाएगा।
जिले में खेल ढांचे को मजबूत करने, नगर सम्मेलन भवन-सह-अतिथि गृह के निर्माण और कंप्यूटरीकृत परीक्षा केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की गई। बाढ़ नियंत्रण के लिए कांगपोकपी में नदियों के किनारे बड़े रिटेनिंग वॉल के निर्माण की योजना भी बताई गई।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। इनमें प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, मिशन वात्सल्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना शामिल हैं। इसके अलावा आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों और डायलिसिस मरीजों को भी सहायता प्रदान की गई।
राज्य सरकार के अनुसार, ये कदम मणिपुर में शांति, मेल-मिलाप, संपर्क व्यवस्था और विकास को गति देने तथा सामान्य जनजीवन बहाल करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

