home page

मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, कई उग्रवादी कैडर गिरफ्तार; हथियार और हेरोइन बरामद

 | 
मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, कई उग्रवादी कैडर गिरफ्तार; हथियार और हेरोइन बरामद


इंफाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और जिला पुलिस ने बीते 24 घंटे में विभिन्न जिलों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कई सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया है। अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और संदिग्ध हेरोइन भी बरामद की गई।

राज्य पुलिस मुख्यालय से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने 11 अगस्त को काकचिंग जिले के वैखोंग थाना क्षेत्र के वैखोंग निंगथौ मनई इलाके से आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर सनासम अमुमाचा सिंह उर्फ सोलोमन (46) को गिरफ्तार किया। इसी दिन थौबल जिले के खोंगजोम थाना क्षेत्र से यूपीपीके के एक सक्रिय कैडर को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपित नाबालिग है और काकचिंग जिले के हियांगलाम मायाई लीकाई का रहने वाला है।

इंफाल पूर्वी जिले में पोरमपत थाना क्षेत्र से केसीपी (अपुनबा) के सक्रिय कैडर वाकंबम राहुल मैतेई उर्फ थेनाओ (27) तथा खुराई लैशराम लीकाई से यूएनएलएफ (कोइरेंग) के सक्रिय कैडर मोइरांगथेम रिकी सिंह उर्फ अचांगबा उर्फ नाओचा (19) को गिरफ्तार किया गया।

साइबर अपराध पुलिस थाना, मणिपुर ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग खुनौ ममांग सबाल निवासी लैरशाम मंगिबाबू सिंह (50) को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उस पर संबंधित व्यक्तियों की आपत्तिजनक रूप से तैयार की गई तस्वीरें फेसबुक पर अपलोड और प्रसारित करने तथा अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप है। उसके कब्जे से सिम कार्ड सहित एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। मामले की जांच जारी है।

बिष्णुपुर जिला पुलिस ने नियमित जांच के दौरान मोइरांग ओकशोंगबुंग में क्वाक्ता वार्ड नंबर-3 निवासी मोहम्मद फिरोज खान (41) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10 साबुनदानी में छिपाकर रखी करीब 122 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई।

एक अन्य अभियान में 11 अगस्त को बिष्णुपुर जिला पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिला पुलिस की सहायता से चुराचांदपुर से इंफाल जा रही स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से नौ साबुनदानी में छुपाकर रखी गयी करीब 96 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मोहम्मद अब्दुर रहमान (29) और मोहम्मद सरूक खान (24) को गिरफ्तार किया। दो मोबाइल फोन और वाहन भी जब्त किया गया।

इससे पहले मफौ कुकी गांव में 8 बिहार रेजिमेंट और थौबल डैम थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में दो नंबर-36 हथगोले, एक स्टन ग्रेनेड, एक 7.65 एमएम पिस्तौल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा, चार्जर और एक वॉकी-टॉकी बरामद किया गया था।

इसी क्रम में 11 अगस्त को काकचिंग जिले के हियांगलाम थाना क्षेत्र के वाबागाई तुरेनमामेई इलाके में तलाशी अभियान के दौरान एक .303 राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, तीन सिंगल बैरल बंदूकें, तीन कार्बाइन, एक 51 एमएम मोर्टार बम, तीन ट्यूब लॉन्चिंग उपकरण, दो हथगोले, विभिन्न कैलिबर के 18 जिंदा कारतूस, इंसास राइफल की संगीन, सैन्य वर्दी, बुलेटप्रूफ प्लेट, कवर और संचार उपकरण सहित अन्य सामान बरामद किए गए।

मणिपुर पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या मॉर्फ की गई सामग्री तैयार कर प्रसारित करने जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश