मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार, मादक पदार्थ बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
इंफाल, 03 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने सोमवार को अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में हथियार के साथ मादक पदार्थ एवं अन्य अपराधों में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
मणिपुर पुलिस ने बताया है कि सोमवार को कांगपोकपी ज़िले के साइकुल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मकोकचिंग जंगल की पहाड़ी रेंज में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार एवं अन्य चीज़ें बरामद की जिसमें मुख्य रूप से एक एम16 राइफल, एक मार्क III राइफ़ल, एक स्नाइपर राइफ़ल, एक .22 बोल्ट एक्शन गन, 25 सिंगल बैरल गन, सात पिस्तौल, 76 अलग-अलग कैलिबर के ज़िंदा कारतूस, 179 खाली कारतूस के खोल, एक राइफ़ल मैगज़ीन, चार पंपी (स्थानीय रूप से बनी बंदूकें), तीन 36 हैंड ग्रेनेड, 20 डेटोनेटर, चार बाओफेंग रेडियो सेट और एक बाओफेंग चार्जर शामिल है।
एक अन्य अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक प्राथमिकी, जिसमें 49.5 किलोग्राम अफ़ीम ज़ब्त की गई थी, के सिलसिले में मणिपुर पुलिस ने कांगपोकपी ज़िले के मोटबुंग के चार हज़ारे निवासी जीवन बस्नेत (38) को गिरफ़्तार किया। इस मामले में शामिल मुख्य आरोपित और प्रतिबंधित सामान के एक अन्य सप्लायर का पता लगाने और उन्हें गिरफ़्तार करने की कोशिशें जारी हैं। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।
आज अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने थोउबल मोइजिंग लेइंगोइजिल निवासी मो. फ़िरोज़ आलम (34) को गिरफ़्तार किया और साथ ही माद पदार्थ एवं हथियार बरामद किया। बरामद सामानों में 530.66 ग्राम ब्राउन शुगर, एक 12 बोर पंप-एक्शन गन, आठ खाली शॉटगन शेल, कारतूस बेल्ट और 1,81,280 रुपये बरामद किये गये।
पुलिस ने बताया है कि एक अन्य अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर ज़िले के नामबोल पुलिस स्टेशन के तहत नामबोल इलाके से रविवार को 98 लीटर देसी शराब ज़ब्त की। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

