मणिपुर में हथियार और विस्फोटक बरामद, चार कैडर गिरफ्तार
इंफाल, 24 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद करने के साथ प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के चार कथित कैडरों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल ईस्ट और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इंफाल ईस्ट जिले के याइंगांगपोकपी थाना क्षेत्र के सेइजांग चेइराओ चिंग की तलहटी में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान छह 12-बोर बंदूकें, जिनमें चार स्थानीय रूप से निर्मित थीं, एक मैगजीन सहित 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई।
इसके अलावा दो नंबर-36 हैंड ग्रेनेड, दो 2-इंच मोर्टार शेल, एक 51 एमएम मोर्टार शेल, विभिन्न कैलिबर के 18 जिंदा कारतूस और 178 खाली खोखे बरामद किए गए। टीम ने छह ईमल्डाइन विस्फोटक, तीन विस्फोटक प्राइमर, तार सहित दो डेटोनेटर, सात आर्मिंग रिंग और ग्रेनेड के अन्य हिस्से भी जब्त किए।
इससे पहले 23 सितंबर को सीडीओ-इंफाल ईस्ट और 31 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने 4 महार रेजिमेंट से मिली खुफिया सूचना के आधार पर इंफाल वेस्ट के अवांग सेक्माई में अभियान चलाया। इस दौरान केसीपी (एमएफएल) के दो कथित सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान युमनाम बिद्यासागर मैतेई उर्फ सागर, 24, और सलाम मालेमगनबा सिंह उर्फ वांगलेन उर्फ रोबोट, 24, के रूप में हुई। दोनों पर जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
इसी दिन मणिपुर पुलिस की एक टीम ने अवैध रूप से सोने के परिवहन की सूचना पर नॉर्थ एओसी इलाके में एमडी शोएब अख्तर, 22, निवासी लिलोंग खुनौ, थौबल जिला को रोका। जांच के दौरान उसके पास से विदेशी मूल के चार सोने के बिस्कुट बरामद हुए, जिनका कुल वजन करीब 664 ग्राम था। आरोपित और जब्त सोना आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को सौंप दिया गया।
वहीं, 23 सितंबर को 33 असम राइफल्स से मिली पुष्ट सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल वेस्ट ने लांगाेल गेम विलेज के जोन-III इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान आरपीएफ/पीएलए की कथित सक्रिय महिला कैडर कोंथौजम रीता देवी, 53, उर्फ माया को गिरफ्तार किया गया। उस पर संगठन के लिए नए कैडरों की भर्ती में शामिल होने का आरोप है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

