मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद, एक उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 25 जून (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां अवैध हथियारों, उग्रवादियों एवं मादक पदार्थ के विरूद्ध लगातार अभियान जारी रखे हुए हैं। इसी कड़ी में कांगपोकपी जिला से जहां भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया गया, वहीं इंफाल वेस्ट जिले से एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान भी जारी है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार 24 जून को, सुरक्षा बलों ने कांगपोकपी ज़िले के कोटलेन इलाके से भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। बरामद हथियारों में मुख्य रूप से एक 5.56 एमएम एक्स-कैलिबर की राइफ़ल, आठ सिंगल बैरल राइफ़लें, चार इम्प्रोवाइज़्ड मोर्टार, एक यूबीजी, पांच लाथोड्स, अलग-अलग कैलिबर के 236 ज़िंदा कारतूस, दो मैगज़ीन, एक बाओफेंग हैंडसेट और चार्जर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि बीते 22 जून को, सुरक्षा बलों ने इंफाल वेस्ट ज़िले के इंफाल थानांतर्गत इलाके में आईएसबीटी गेट के पास खुमन लम्पक से मणिपुर नगा पीपल्स फ्रंट (एमएनपीएफ) के एक तथाकथित लांस कॉर्पोरल, सिरो वुंगटा उर्फ रोनाल्डो (24) (जो कामजोंग ज़िले के तारोंग गांव का रहने वाला है) को गिरफ़्तार किया।
इस बीच 24 जून को सुरक्षा बल ज़िलों के बाहरी और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन (इलाके पर नियंत्रण) की कार्रवाई में शामिल रहे, जिसके परिणामस्वरूप हथियार और गोला-बारूद बरामद हो रहे हैं। मणिपुर के अलग-अलग ज़िलों में, पहाड़ी और घाटी दोनों इलाकों में कुल 112 नाके/चेक पॉइंट लगाए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

