मानस राष्ट्रीय उद्यान में आज से पर्यटकों के लिए शुरू हुई हाथी सफारी
-बांसबाड़ी और भुइंयापारा रेंज में पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हाथी सफारी का हुआ शुभारंभ
-सुबह दो शिफ्ट में पर्यटक उठा सकेंगे सफारी का आनंद
बाक्सा (असम), 01 नवम्बर (हि.स.)। असम के प्रसिद्ध मानस राष्ट्रीय उद्यान में रविवार से पर्यटकों के लिए हाथी सफारी सेवा शुरू कर दी गई है। उद्यान के बांसबाड़ी और भुइंयापारा रेंज में हाथी सफारी का शुभारंभ पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके शुरू होने से मानस राष्ट्रीय उद्यान में आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, बांसबाड़ी रेंज में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से हाथी सफारी संचालित की जाएगी। पर्यटक सुबह 6 बजे और 7 बजे, दो अलग-अलग शिफ्ट में सफारी का आनंद ले सकेंगे। हालांकि, बांसबाड़ी और भुइंयापारा रेंज के साप्ताहिक अवकाश के दिन हाथी सफारी सेवाएं बंद रहेंगी।
हाथी सफारी के शुभारंभ के अवसर पर मानस राष्ट्रीय उद्यान के बांसबाड़ी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नितेश बोड़ो सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मानस राष्ट्रीय उद्यान अपनी जैव विविधता, दुर्लभ वन्यजीवों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हाथी सफारी शुरू होने से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पर्यटकों के आकर्षण में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

