हाथी के हमले में व्यक्ति की मौत, नगांव में बढ़ता मानव-हाथी संघर्ष
नगांव (असम), 2 मई (हि.स.)। जिले के कामपुर क्षेत्र में बीती रात जंगली हाथियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय दास (38) के रूप में हुई है, जो दक्षिणजर चाय बागान क्षेत्र का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे बरपथार सब-बीट के अंतर्गत भीतर कॉलोनी इलाके में हुई। बताया गया है कि दो हाथी धंसिला पहाड़ियों से भटककर रिहायशी इलाके में आ गए थे। इसी दौरान संजय दास सहित कुछ लोग हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। उसी समय दूसरी दिशा से भी कुछ लोग हाथियों को खदेड़ रहे थे, जिससे हाथियों की गतिविधि की जानकारी संजय दास को नहीं हो सकी और वह उनके हमले का शिकार हो गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर जब तक पहुंची, तब तक संजय दास की मौत हो चुकी थी। घटना स्थल बरपानी आरक्षित वन क्षेत्र के बाहर बताया गया है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों की ओर से इस घटना पर कोई विशेष प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, क्योंकि नगांव जिले में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि संबंधित विभागों द्वारा समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

