मणिपुर में पिस्तौल के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, हथियार व गोला-बारूद बरामद
इंफाल, 03 मार्च, (हि.स.)। मणिपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान चलाए गए अलग-अलग अभियानों में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। एक ओर जहां 9 एमएम पिस्तौल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के मोइरांगखोम लोकलाओबुंग क्षेत्र से 46 वर्षीय वाइखोम रतन सिंह को उसके आवास से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई इंफाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार राज्य में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपित को आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया गया है।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले के चुराचांदपुर थाना अंतर्गत ओल्ड गोथोल गांव से हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। बरामद सामान में एक देशी सिंगल बैरल राइफल, एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक देशी ग्रेनेड, टेलिस्कोपिक साइट से लैस .22 राइफल, पम्पी गोला-बारूद, चार सिंगल बैरल कारतूस, एक पम्पी मोर्टार तथा पांच देशी शेल शामिल हैं।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन अभ्यास को और तेज किया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

