home page

गुवाहाटी के शांति नगर में व्यक्ति का शव बरामद, एक गिरफ्तार

 | 
गुवाहाटी के शांति नगर में व्यक्ति का शव बरामद, एक गिरफ्तार


गुवाहाटी, 05 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के नूनमाटी थाना क्षेत्र के शांति नगर, फॉरेस्ट गेट इलाके में बुधवार एवं गुरुवार की मध्यरात्रि एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला। बाद में अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

असम पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12:06 बजे सूचना मिली कि शांति नगर में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही नूनमाटी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम और ईआरएसएस-19 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान गोलोक राभा (45) के रूप में हुई है। वह नूनमाटी थाना क्षेत्र के प्रगति नगर के निवासी थे। उनका पैतृक निवास कामरूप जिले के बोको थाना अंतर्गत सिंगरा के डेकापारा में था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जीएमसीएच के शवगृह में रखवाया है।

प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को शांति नगर, फॉरेस्ट गेट निवासी प्रांजित कलिता (35) की संलिप्तता का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे उसके घर से हिरासत में लेकर नूनमाटी थाने पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश