(अपडेट) गौहाटी विश्वविद्यालय की छात्रा की मौत, प्रेमी गिरफ्तार
गुवाहाटी, 26 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस ने गौहाटी विश्वविद्यालय की 21 वर्षीय समाजशास्त्र की छात्रा निमिषा ठाकुरिया की मौत के मामले में उसके प्रेमी आशिक अली को गिरफ्तार किया है।
धारापुर की रहने वाली निमिषा शुक्रवार देर रात गुवाहाटी के गरचुक-धारापुर इलाके स्थित रुद्राज किचन होमस्टे में मृत पाई गई थी।
जानकारी के अनुसार, निमिषा रात करीब 11 बजे एक दोस्त के साथ होमस्टे जाने के लिए घर से निकली थी। रात के समय उसने अपनी मां को फोन कर कथित तौर पर बताया कि उसका दोस्त उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके कुछ ही देर बाद फोन कट गया और उसका मोबाइल बंद हो गया।
बेटी से संपर्क नहीं होने पर चिंतित परिजनों ने तुरंत आजारा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तलाश शुरू की और बाद में होमस्टे से निमिषा का शव बरामद किया। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार छात्रा के होमस्टे के पास चिल्लाने की आवाज सुनी गयी थी।
पुलिस ने मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया है। पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम और कथित मारपीट की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

