ऑयल इंडिया में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपित गिरफ्तार
डिब्रूगढ़ (असम), 26 अक्टूबर (हि.स.)। ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में दुलियाजान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान यादव कोंवर के रूप में हुई है। वह तिनसुकिया जिले के जागून लेखापानी क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
आधिकारिक सूत्रों द्वारा सोमवार को दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपित ने लोगों को ऑयल इंडिया में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये वसूल लिए। नौकरी पाने की उम्मीद में कई लोगों ने उसे पैसे दिए थे। हालांकि, नौकरी नहीं मिलने के बाद पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
इस संबंध में पीड़ितों ने दुलियाजान थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही, ठगी की कुल राशि और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

