पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
गुवाहाटी, 11 जुलाई (हि.स.)। गुवाहाटी के रुक्मिणीगांव स्थित तांगरा सत्र रोड पर एक महिला को कथित रूप से धमकाने, सार्वजनिक उपद्रव करने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में 35 वर्षीय रक्तिम कलिता को गिरफ्तार किया गया है।
असम पुलिस के अनुसार, पीसीआर कॉल मिलने के बाद दिसपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां आरोपित कथित रूप से शराब के नशे में पाया गया। पुलिस के बार-बार कानूनी निर्देश देने के बावजूद उसने सहयोग नहीं किया, गिरफ्तारी का विरोध किया और ईआरएसएस-6 तथा ईआरएसएस-7 टीम के पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि दिसपुर थाना लाए जाने के बाद भी आरोपित का आक्रामक व्यवहार जारी रहा। उसने ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराने से इनकार किया, एलएनके उस्मान अली पर हमला किया, उनकी वर्दी फाड़ दी और थाने के भीतर लकड़ी की दीवार को भी नुकसान पहुंचाया।
इस संबंध में दिसपुर थाना में मामला संख्या 500/2026 दर्ज किया गया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 121(1) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

