home page

शिवसागर के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया मालीगांव प्रेस क्लब

 | 
शिवसागर के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया मालीगांव प्रेस क्लब


शिवसागर के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया मालीगांव प्रेस क्लब


गुवाहाटी, 31 जुलाई (हि.स.)। उपरी असम के विस्तृत इलाकों में बाढ़ का पानी भले ही धीरे-धीरे कम होने लगा हो, लेकिन लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विशेष रूप से शिवसागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अब भी कई परिवार गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।

बाढ़ के दौरान घर-बार क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, खाद्य व आवश्यक सामग्रियों का अभाव बना हुआ है और साथ ही स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। ऐसी कठिन परिस्थिति में विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ गुवाहाटी स्थित मालीगांव प्रेस क्लब भी बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आया है।

गुवाहाटी के पांडु स्थित 'राइनोज ग्रुप फॉर ह्यूमैनिटी एंड वेलफेयर' के सदस्यों के सहयोग से प्रेस क्लब के सदस्यों ने शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री वितरित करने की पहल की। प्रेस क्लब के सदस्यों ने शिवसागर जिले के आमगुड़ी, भाधरा सहित कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों को जरूरी सामान सौंपा।

इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अस्थायी राहत शिविरों में शरण लिए बाढ़ पीड़ितों के बीच भी विभिन्न राहत सामग्रियों का वितरण किया गया। राहत सामग्री में सूखा राशन, मच्छरदानी, सैनिटरी पैड, कपड़े, शुद्ध पेयजल, ब्लीचिंग पाउडर तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड व अन्य जरूरी सामान बांटे गए।

प्रेस क्लब की इस मानवीय पहल से कई बाढ़ पीड़ित परिवार लाभान्वित हुए हैं। संगठन की ओर से बताया गया कि केवल राहत बांटना ही नहीं, बल्कि संकटग्रस्त लोगों के साथ खड़े रहकर उनकी आवश्यकता अनुसार मदद पहुंचाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मालीगांव प्रेस क्लब और राइनोज ग्रुप फॉर ह्यूमैनिटी एंड वेलफेयर का यह प्रयास मानवता की एक मिसाल बनकर सामने आया है। बाढ़ का पानी भले ही कम होने लगा हो, लेकिन प्रभावित लोगों को सामान्य जीवन में लौटने में अभी काफी समय लगेगा। इसलिए समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों से आगे आकर बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील भी की गई है। इस मुश्किल समय में प्रेस क्लब की इस मुहिम में सहयोग देने वाले सभी लोगों का प्रेस क्लब की ओर से आभार व्यक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर