असम पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई आईपीएस और एपीएस अधिकारियों के तबादले व पदोन्नति
गुवाहाटी, 07 अगस्त (हि.स.)। असम सरकार ने शुक्रवार को राज्य पुलिस प्रशासन में व्यापक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस और एपीएस अधिकारियों के तबादले, पदस्थापन और पदोन्नति के आदेश जारी किए।
जारी अधिसूचना के अनुसार, रत्ना सिंघा को पुलिस महानिरीक्षक (स्पेशल ब्रांच) के पद पर कार्यवाहक के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं, बिजॉय गिरी कुलिगाम को कार्यवाहक आईजीपी (बीटीएडी), कोकराझाड़ बनाया गया है। कंकन ज्योति सैकिया को आईजीपी (ईस्टर्न रेंज), जोरहाट तथा प्रसांत सागर चांगमाई को आईजीपी, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के पद पर तैनात किया गया है।
डॉ. वी शिवा प्रसाद गंजाला को आईजीपी (नॉर्दर्न रेंज) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, वाईटी ग्यात्सो को डीआईजी (वेस्टर्न रेंज) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
सरकार ने कई आईपीएस अधिकारियों को कार्यवाहक डीआईजी के रूप में भी पदोन्नत किया है। इनमें डॉ. रॉबिन कुमार को डीआईजी (एमपीसी) एवं डीआईजी (आर्म्ड पुलिस), गौतम बोरा को डीआईजी (बॉर्डर), अमृत भुइयां को डीआईजी (स्पेशल ब्रांच), सुधाकर सिंह को डीआईजी (नॉर्थ ईस्टर्न रेंज), रंजन भुइयां को डीआईजी (सिक्योरिटी), प्रणबज्योति गोस्वामी को डीआईजी (प्रशासन) तथा राजेन सिंह को डीआईजी (सेंट्रल/हिल्स रेंज) बनाया गया है।
जिला स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पार्थ प्रतिम दास को एसएसपी कछार, वीर वेंकट राकेश रेड्डी को एसएसपी नगांव, शर्मिष्ठा बरुवा को एसएसपी दरंग, स्वप्ननील डेका को एसएसपी गोलाघाट, ध्रुव बोरा को एसएसपी चिरांग, निरुपम हजारिका को एसएसपी होजाई, निशांत सौरभ को एसएसपी मोरीगांव तथा प्रकाश सोनोवाल को एसएसपी धेमाजी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सीआईडी, बॉर्डर संगठन, फॉरेंसिक साइंस निदेशालय, गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय, आर्म्ड पुलिस बटालियन तथा अन्य विशेष इकाइयों में भी कई अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियां की गई हैं। अधिसूचना के अनुसार सभी स्थानांतरण और पदस्थापन संबंधित अधिकारियों द्वारा नया कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

