कोसाप ने किया महारैली का आयोजन
इटानगर, 17 अप्रैल (हि.स.)। कंफेडरेशन आफ सर्विस एसोसिएशन आफ अरुणाचल प्रदेश (कोसाप) और इसकी राज्य स्तरीय शाखा, राष्ट्रीय पेंशन योजना आंदोलन (एनपीएस) ने शुक्रवार को इटानगर चलो महारैली के नारे के साथ एक महारैली का आयोजन किया। यह रैली अरुणाचल प्रदेश में नई पेंशन योजना (एनपीएस) को समाप्त करके पुरानी पेंशन योजनाओं (ओपीएस) को बहाल करने की अपनी एक सूत्री मांग के समर्थन में आयोजित की गई थी।
सैकड़ों सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने इस महारैली में भाग लिया। उनके हाथों में बैनर और पोस्टर थे जिन पर एक राष्ट्र एक पेंशन और ओपीएस की बहाली आदि के नारे लिखे थे। रैली रामकृष्ण मिशन अस्पताल मैदान से शुरू हुई और इटानगर के आईजी पार्क स्थित टेनिस कोर्ट पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रेस क्लब के कोसाप के अध्यक्ष लिखा टेक ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने और नयी पेंशन प्रणाली को समाप्त करने की मांग जायज है और एक दिन सरकार इसे जरूर स्वीकार करेगी।
उन्होंने कहा कि हो सकता है इसमें समय लगेगा क्योंकि हर काम की अपनी एक प्रक्रिया होती है, क्योंकि यह मामला केंद्र सरकार से जुड़ा है और हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार इस मामले पर केंद्र सरकार से बातचीत कर रही है।
उन्होंने दावा किया, सभी सरकारी कर्मचारी और सरकार भी यह बात जानते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा नीति (एनपीएस) सेवानिवृत्ति के बाद सरकारी कर्मचारियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा की गारंटी नहीं देती। यह कर्मचारियों के अंशदान का शेयर बाजार में निवेश करने जैसा है।
यह मांग केवल अरुणाचल प्रदेश में ही नहीं, बल्कि भारत के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी उठाई जा रही है। एक वरिष्ठ कर्मचारी ने कहा, हम अंततः जीतेंगे क्योंकि सत्य तो सत्य है, इसे कोई नकार नहीं सकता। लेकिन हमें न्याय के लिए अपनी लड़ाई एकजुट होकर लड़नी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

