home page

कोकराझार में स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए ‘मां पोषण थाली’ पहल का शुभारंभ

 | 
कोकराझार में स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए ‘मां पोषण थाली’ पहल का शुभारंभ


कोकराझार में स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए ‘मां पोषण थाली’ पहल का शुभारंभ


कोकराझार (असम), 23 सितम्बर (हि.स.)। स्तनपान कराने वाली माताओं को पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने तथा मातृ एवं शिशु पोषण को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘मां पोषण थाली’ पहल का जिला स्तरीय शुभारंभ बुधवार को डोटमा आईसीडीएस परियोजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

कार्यक्रम में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के डब्ल्यूसीडी विभाग के ईएम प्रकाश बसुमतारी, डब्ल्यूसीडी विभाग की सचिव पामी ब्रह्म, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) की वरिष्ठ वैज्ञानिक पूर्णा शर्मा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूओ), बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), डब्ल्यूएएसएच कंसल्टेंट टीम एवं डीएचईडब्ल्यू के सदस्य, जिला एवं ब्लॉक पोषण समन्वयक, वीसीडीसी अध्यक्ष, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सहित गर्भवती महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं, बच्चे और स्थानीय समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ डब्ल्यूसीडी विभाग की सचिव पामी ब्रह्म द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके बाद ईएम प्रकाश बसुमतारी एवं सचिव पामी ब्रह्म ने स्तनपान कराने वाली माताओं के बीच न्यूट्री किट का वितरण किया।

‘मां पोषण थाली’ पहल के तहत स्तनपान कराने वाली माताओं को स्वस्थ एवं संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध विभिन्न प्रकार के पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है। पहल का उद्देश्य माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के साथ-साथ बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक पोषण सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं शिशु पोषण को बेहतर बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी, पोषण संबंधी जागरूकता तथा विभिन्न विभागों और हितधारकों के बीच प्रभावी समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल कर माताओं और बच्चों के पोषण संबंधी परिणामों को और बेहतर बनाया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा