home page

मेघालय में एलपीजी संकट से होटल-रेस्तरां सेवाएं प्रभावित, पर्यटन क्षेत्र पर असर

 | 
मेघालय में एलपीजी संकट से होटल-रेस्तरां सेवाएं प्रभावित, पर्यटन क्षेत्र पर असर


शिलांग, 26 मार्च (हि.स.)। मेघालय में व्यावसायिक एलपीजी की कमी का असर अब पर्यटन आधारित आतिथ्य क्षेत्र पर साफ तौर पर दिखने लगा है। राज्य के कई होटल और रेस्तरां ने अपनी सेवाएं सीमित कर दी हैं तथा मेन्यू में कटौती करनी पड़ रही है।

अधिकारियों द्वारा गुरुवार को दी गई जानकारी के अनुसार उपलब्ध एलपीजी आपूर्ति को फिलहाल अस्पतालों और छात्रावासों जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए भेजा जा रहा है, जिसके कारण होटल उद्योग में ईंधन की कमी बनी हुई है। इससे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर संचालन प्रभावित हो रहा है।

शिलांग और चेरापूंजी जैसे इलाकों में होटल व रिसॉर्ट संचालकों ने बताया कि उन्हें अपने किचन संचालन को सीमित करना पड़ रहा है और वैकल्पिक तरीकों से खाना बनाना पड़ रहा है। कई जगहों पर लकड़ी और कोयले का उपयोग शुरू कर दिया गया है, जिससे भोजन तैयार होने में अधिक समय लग रहा है और व्यंजनों की संख्या भी कम हो गई है।

रेस्तरां पारंपरिक धीमी आंच पर खाना बनाने की प्रक्रिया अपना रहे हैं और मेहमानों से सीमित स्थानीय भोजन व अधिक प्रतीक्षा समय को लेकर सहयोग करने की अपील की है।

उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि ईंधन की कमी से नियमित किचन संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और कई प्रतिष्ठान पूरा मेन्यू उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं। वहीं, अधिकारियों ने दोहराया कि आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देना जरूरी है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु करने के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश