गुवाहाटी के भंगागढ़ में भीषण आग, सात दुकानें जलकर राख
गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के भंगागढ़ इलाके में शनिवार सुबह एक खाद्य प्रतिष्ठान में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के संदेह के बीच लगी भीषण आग में छह से सात दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच भंगागढ़ फ्लाईओवर के पास न्यू सिटी ढाबा और भार्गव बिरियानी के आसपास लगी। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस आग में दो रेस्तरां, एक जनरल स्टोर, मोबाइल फोन एवं मरम्मत की दुकान तथा एक ड्राई क्लीनिंग सेंटर समेत करीब छह से सात दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह से आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इससे आसपास के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

