लोअर सियांग पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज, पांच गिरफ्तार
लोअर सियांग (अरुणाचल), 01 मई (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोअर सियांग जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में हाल ही में नए पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक की तैनाती के बाद लिकाबाली चेक गेट पर सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
इन चलाए गए लक्षित अभियानों के तहत पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज किए हैं, जो मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को दर्शाता है।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि इसी क्रम में लिकाबाली चेक गेट पर एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका गया। उसकी पहचान लेपराड़ा जिले के न्यिगाम गांव निवासी सेम्मार बसर के रूप में हुई। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से संदिग्ध हेरोइन और गांजा बरामद किया गया।
जब्ती के बाद लिकाबाली थाने में मामला संख्या 14/2026 दर्ज किया गया, जिसमें एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(ए) और 20(बी)(ii)(ए) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले एक महीने में अलग-अलग अभियानों के दौरान कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से 12.64 ग्राम संदिग्ध हेरोइन तथा 106 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
नशा विरोधी अभियान के साथ-साथ पुलिस ने इनर लाइन परमिट (आईएलपी) जांच अभियान को भी तेज किया है। इस अभियान के तहत लिकाबाली और नारी थाना क्षेत्रों में बीईएफआर अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत 15 गैर-एफआईआर मामले दर्ज किए गए हैं।
लोअर सियांग पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और प्रवेश नियमों के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

