लवलीना बरगोहाईं ने युवाओं से देश और समाज के लिए काम करने का किया आह्वान
गुवाहाटी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर असम का नाम रोशन करने वाली मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं ने युवाओं से सही रास्ते पर चलने और देश एवं समाज के लिए बेहतर काम करने का आह्वान किया है।
आज नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान लवलीना ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ‘जेन-जी’ किस आयु वर्ग या दायरे को कहा जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों की सलाह के अनुसार चलना चाहिए तथा जीवन में सही रास्ते का चुनाव करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को देश और समाज के लिए अच्छे कार्य करने पर ध्यान देना चाहिए।
युवा पीढ़ी को आगे आकर राष्ट्र के लिए काम करना होगा। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को अपने काम पर ध्यान केंद्रित रखने और भावनाओं को जरूरत से ज्यादा महत्व नहीं देने की सलाह दी।
लवलीना ने कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत और काम के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने युवा पीढ़ी से जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने का आग्रह किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

