लव जिहाद के आरोप में युवक पुलिस के हवाले, ब्लैकमेलिंग का भी आरोप
कछार (असम), 11 जुलाई (हि.स.)। असम के सिलचर में एक युवक को कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर एक हिंदू युवती को प्रेमजाल में फंसाने और बाद में निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़िता के आरोप के अनुसार, सिलचर के सोनाबाड़ी घाट निवासी आंदान हुसैन मजूमदार उर्फ आजमल ने इंस्टाग्राम पर स्वयं को हिंदू बताकर गुवाहाटी की एक हिंदू युवती से दोस्ती की। बाद में उसकी वास्तविक पहचान सामने आने पर युवती ने संबंध समाप्त कर दिया।
युवती का आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उस पर शादी का दबाव बनाया। सहायता के लिए युवती सिलचर पहुंची और बजरंग दल से संपर्क किया।
बजरंग दल का दावा है कि आरोपित ने युवती को जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश की, जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर रंगीरखाड़ी पुलिस चौकी के हवाले कर दिया।
संगठन ने राज्य सरकार से ऐसे कथित मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मामले की जांच पुलिस कर रही है। आरोपित की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

