लोक कल्याण दिवस के रूप में मनाई गई लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदलोई की पुण्यतिथि
तामुलपुर (असम), 05 अगस्त (हि.स.)। असम के प्रथम मुख्यमंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी लोकप्रिय गोपीनाथबोरदलोई की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को तामुलपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में लोक कल्याण दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में जिला आयुक्त सिमी करण (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने लोकप्रिय गोपीनाथबोरदलोई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके स्वतंत्रता संग्राम तथा असम के विकास में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में जिला आयुक्त ने कहा कि असम के स्वतंत्रता सेनानियों का उल्लेख होते ही सबसे पहले लोकप्रिय गोपीनाथबोरदलोई का नाम स्मरण होता है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका, राजनीतिक दूरदर्शिता, सामाजिक उत्तरदायित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा किबोरदलोई का राष्ट्रप्रेम, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता, जनकल्याण के लिए समर्पण तथा असम के हितों की रक्षा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों का अनुसरण कर समाज और जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुमन चक्रवर्ती, जिला आयुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख भी उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विजय बेजबरुआ ने दी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

