home page

लोक भवन असम में सिक्किम राज्य स्थापना दिवस का आयोजन

 | 
लोक भवन असम में सिक्किम राज्य स्थापना दिवस का आयोजन


गुवाहाटी, 16 मई (हि.स.)। असम लोक भवन में शुक्रवार को “एक भारत श्रेष्ठ भारत” पहल के तहत सिक्किम के राज्य स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम लोक भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सिक्किम के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य को शांति, प्रगति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सिक्किम देश का पहला पूर्णतः जैविक राज्य बनकर सतत विकास का आदर्श प्रस्तुत कर चुका है और यह साबित किया है कि आर्थिक विकास एवं पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।

राज्यपाल ने सिक्किम की इको-टूरिज्म, जैविक कृषि तथा फार्मास्युटिकल क्षेत्र में बढ़ती उपलब्धियों की भी सराहना की। सिक्किम के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोगों की सादगी, अपनापन और प्रकृति के प्रति सम्मान उनकी सबसे प्रिय स्मृतियों में शामिल हैं।

महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा, उद्यमिता, स्वयं सहायता समूहों तथा सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में सिक्किम ने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने कहा कि समावेशी विकास और मजबूत समाज के निर्माण के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है।

“एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता में एकता में निहित है। उन्होंने युवाओं से देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और विरासत को समझने एवं अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के आयुक्त एवं सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम, सिक्किम की सहायक रेजिडेंट कमिश्नर जशोदा छेत्री, सिक्किम के प्रतिनिधि तथा लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश