असम लोक भवन में झारखंड स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया
गुवाहाटी, 16 नवंबर (हि.स.)। असम के लोक भवन में सोमवार को एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के तहत झारखंड स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की भावना को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई गई। देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके असाधारण योगदान तथा साहस, गरिमा और सामाजिक जागरण के उनके आदर्शों को याद करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल के संयुक्त सचिव अरिंदम बरुवा ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस के साथ जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को समझने तथा देश के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल ऐसे एकजुट भारत की परिकल्पना को दर्शाती है, जहां भाषाओं, रीति-रिवाजों, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधताओं को सामूहिक शक्ति के रूप में देखा जाता है। इस तरह के आयोजन विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे को समझने, साझा मूल्यों की सराहना करने और राष्ट्रीय एकता के बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में राज्यपाल के ओएसडी डॉ. श्याम नारायण, राज्यपाल के पीपीएस डॉ. एसएन भौमिक, असम के विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधि, बोडोलैंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. मोहनलाल ब्रह्म, ऑल गुवाहाटी मिसिंग केबांग के अध्यक्ष उकेन पेगू, ऑल गुवाहाटी मिसिंग महिला केबांग की अध्यक्ष चित्रलेखा मिली, कार्बी वेलफेयर सोसाइटी, गुवाहाटी के महासचिव बोरिश एंजाई तथा ग्रेटर गुवाहाटी कार्बी स्टूडेंट्स एसोसिएशन की सलाहकार जूली बेपि उपस्थित थीं।
इस अवसर पर झारखंड के प्रतिनिधियों, लोक भवन के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

